देवरिया में यातायात माह का शुभारंभ, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई; नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावक भी होंगे जिम्मेदार

✓ Verified Reporter B news
ID: BNP-REP
Hindi Audio TTS

देवरिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी 1 नवंबर से यातायात माह का शुभारंभ किया गया। देवरिया में जनपद पुलिस और यातायात पुलिस के नेतृत्व में पूरे नवंबर महीने तक यातायात जागरूकता एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न आयु वर्ग के लोगों से संवाद कर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी।

यातायात माह के दौरान पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई भी की जाएगी। इसमें वाहनों पर काली फिल्म लगाकर चलने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

इंटरसेप्टर वाहन से पकड़े जाएंगे तेज रफ्तार वाहन

इस बार यातायात माह इसलिए भी खास है, क्योंकि देवरिया यातायात पुलिस को नया इंटरसेप्टर वाहन मिला है। इसमें आधुनिक रडार सिस्टम लगा हुआ है, जिसकी मदद से दूर से आने वाले तेज रफ्तार वाहनों की गति मापी जा सकेगी। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ बिना रोके ही चालान की कार्रवाई की जा सकेगी। यातायात पुलिस इस आधुनिक वाहन का व्यापक स्तर पर इस्तेमाल करेगी, जिससे तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

‘सुरक्षित स्कूल’ अभियान के तहत स्कूलों में होगी निगरानी

यातायात माह के दौरान इस वर्ष ‘सुरक्षित स्कूल’ नाम से विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार अक्सर 10वीं और 12वीं के छात्र बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के स्कूलों में दोपहिया और अन्य वाहन लेकर पहुंचते हैं। इससे उनकी खुद की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।

इस समस्या को देखते हुए अभियान के पहले दो सप्ताह में स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। पुलिस स्कूलों से अपील करेगी कि वे अभिभावकों को जागरूक करें और नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने में सहयोग करें।

अंतिम दो सप्ताह में होगी सख्त कार्रवाई

अभियान के अंतिम दो सप्ताह में पुलिस की ओर से प्रवर्तन की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान यदि कोई नाबालिग छात्र बिना वैध लाइसेंस के वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो संबंधित वाहन को सीज किया जाएगा। इसके साथ ही मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति देने वाले अभिभावकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस का कहना है कि यातायात माह केवल चालान करने का अभियान नहीं है, बल्कि लोगों की जान बचाने और सुरक्षित सड़क व्यवस्था बनाने का प्रयास है। इसके लिए स्कूलों, अभिभावकों, युवाओं और आम नागरिकों की सहभागिता जरूरी है। पुलिस ने सभी लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular