बैंकर्स बैठक में ऋण योजनाओं की समीक्षा, लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश

बैंकर्स बैठक में ऋण योजनाओं की समीक्षा, लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश
B news
B news
Reporter • B NEWS UP • ID: BNP-REP
Hindi Audio TTS

देवरिया। जनपद में सरकारी ऋण योजनाओं की प्रगति को गति देने और पात्र लाभार्थियों को समय से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न बैंकों के कामकाज और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की बैंकवार समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य रूप से बैंकों के ऋण जमा अनुपात (सीडी रेशियो) और वार्षिक ऋण योजना 2026-27 की प्रगति पर चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने बैंकों को निर्देश दिया कि जनपद में ऋण वितरण की गति बढ़ाई जाए और सभी पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बैंक अपनी कार्ययोजना के अनुसार निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, पीएम स्वनिधि योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, किसान क्रेडिट कार्ड, माटी कला योजना, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। पात्र आवेदकों की पत्रावलियों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। बैंक अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर ऋण स्वीकृति और वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाएं। इसके साथ ही सरकार प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत गैर निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के बैंक क्रेडिट लिंकेज और किसान क्रेडिट कार्ड योजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक पात्र किसानों और लाभार्थियों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया।

वहीं, वित्तीय समावेशन के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजनाओं, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत विभिन्न बैंक शाखाओं में लंबित आवेदनों और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की स्थिति की जानकारी ली गई। बैठक में अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular