
देवरिया। जनपद देवरिया पुलिस परिवार में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब पुलिस कार्यालय में तैनात आरक्षी आदित्य राम श्रीवास्तव का आकस्मिक निधन हो गया। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर शोक सभा आयोजित कर दिवंगत आरक्षी को शोक सलामी के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार, आरक्षी आदित्य राम श्रीवास्तव पुत्र स्वर्गीय राजकुमार श्रीवास्तव मूल रूप से जनपद गोण्डा के थाना मुजेहना के निकट के निवासी थे। उनकी नियुक्ति 11 अक्टूबर 2020 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर हुई थी। वर्तमान में उनकी तैनाती पुलिस कार्यालय देवरिया स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय में थी।
बताया गया कि 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे भोजन करने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके अचानक निधन की खबर से परिवार और पुलिस महकमे में शोक छा गया।
पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में पुलिस अधीक्षक देवरिया ने दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर शोक सलामी दी। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात सत्येन्द्र राय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आरक्षी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
देवरिया पुलिस परिवार ने दिवंगत आरक्षी आदित्य राम श्रीवास्तव की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकसंतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।