दूसरे प्रयास में चमकी सलेमपुर की बेटी: पुष्पा गोंड बनीं ARO, UPPSC में हासिल की 16वीं रैंक

सलेमपुर, देवरिया। सलेमपुर क्षेत्र की बेटी कुमारी पुष्पा गोंड ने अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। नगर के समीप ग्राम सोनबरसा निवासी पुष्पा गोंड का चयन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा में सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) पद पर हुआ है। उन्होंने परीक्षा में 16वीं रैंक प्राप्त की है। जैसे ही यह खबर क्षेत्र में पहुंची, सलेमपुर में खुशी की लहर दौड़ गई।


पुष्पा गोंड ने यह सफलता अपने दूसरे प्रयास में हासिल की है। पहले प्रयास में असफलता मिलने के बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत करती रहीं। आखिरकार उनकी लगन और आत्मविश्वास ने उन्हें सफलता दिला दी।


पुष्पा गोंड स्वर्गीय शंकर प्रसाद एवं स्वर्गीय ब्रजगानी देवी की पुत्री हैं। वह पांच भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी हैं। सीमित संसाधनों और साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।
उनकी शुरुआती शिक्षा सलेमपुर के बापू इंटर कॉलेज से हुई, जहां से उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने रैनाथ डिग्री कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए वह गोरखपुर चली गईं। छात्र जीवन से ही वह पढ़ाई में तेज, अनुशासित और मेहनती रही हैं।


बताया जाता है कि उनके बाबा राजस्व विभाग में कानूनगो के पद पर कार्यरत थे। परिवार में शिक्षा और सेवा का माहौल रहा, जिसने पुष्पा को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
पुष्पा गोंड के पति प्रदीप कुमार हैं और उनकी एक पुत्री भी है। उनका ससुराल जमुई, दुमवालिया में स्थित है। परिवार के सहयोग और उनके आत्मविश्वास ने उनकी सफलता में अहम भूमिका निभाई।


सफलता की खबर मिलने के बाद जब पुष्पा गोंड पहली बार सलेमपुर पहुंचीं, तो क्षेत्रवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया। लोगों ने फूल-मालाओं से उनका सम्मान किया और मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। हर तरफ उनकी सफलता की चर्चा होती रही।
पुष्पा गोंड की सफलता ने यह संदेश दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि उन्हें अवसर और प्रोत्साहन मिले, तो वे हर मुकाम हासिल कर सकती हैं। आज सलेमपुर की यह बेटी हजारों युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बन गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments