Deoria News: देवरिया में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पथरदेवा में किया जनसभा भारतीय जनता पार्टी को लेकर कहीं बड़ी बात

B news
B news
Reporter • B NEWS UP • ID: BNP-REP
Hindi Audio TTS

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर तीखा हमला किया। वे तरकुलवा थाना क्षेत्र के आचार्य नरेंद्र देव इंटर कॉलेज, पथरदेवा में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। यह सभा इंडिया गठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी अखिलेश प्रताप सिंह के समर्थन में आयोजित की गई थी।

संविधान मंथन का मुद्दा

अखिलेश यादव ने अपने भाषण में संविधान मंथन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जैसे समुद्र मंथन हुआ था, वैसे ही आज संविधान मंथन चल रहा है। एक तरफ वे लोग हैं जो संविधान बदलने की कोशिश कर रहे हैं और दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन है, जो संविधान को बचाने के लिए लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि भाजपा फिर से सत्ता में आई, तो वे बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान को बदल देंगे।

भाजपा सरकार की आलोचना

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि 2014 में जो सरकार सत्ता में आई थी, उसकी 2024 में विदाई तय है। उन्होंने भाजपा के ‘400 पार’ के नारे का मजाक उड़ाते हुए कहा कि वे 400 से हार रहे हैं। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार का देवरिया आते-आते धुआं निकल जाएगा।

किसानों और नौजवानों के मुद्दे

अखिलेश यादव ने अपने भाषण में किसानों और नौजवानों के मुद्दे पर जोर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों की खाद की बोरियों से चोरी की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने दो बार में पांच-पांच किलो करके दस किलो खाद चुराने का काम किया है। उन्होंने इसे पारले जी बिस्कुट कंपनी की तकनीक से तुलना करते हुए कहा कि बिस्कुट की कीमत वही रहती है, लेकिन उसकी मात्रा कम हो जाती है। अब सरकार बनी तो केवल एक बिस्कुट मिलेगा।

सेना की स्थाई नौकरी को चार साल का करके सरकार ने देश के युवाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना को खत्म कर दिया जाएगा। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि 60 लाख ऐसे नौजवान हैं जिन्होंने परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक हो गया और उन्हें नौकरी नहीं मिली। इस तरह, एक करोड़ अस्सी लाख मतदाता भाजपा सरकार से नाराज हैं।

कोरोना वैक्सीन में चोरी और पूंजीपतियों का कर्जा माफ

अखिलेश यादव ने सरकार पर कोरोना वैक्सीन में चोरी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूंजीपतियों का 25 लाख करोड़ रुपये का कर्जा माफ किया है। उन्होंने वादा किया कि सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा और गरीब महिलाओं के खाते में एक लाख रुपये सालाना भेजा जाएगा। इसके अलावा, 30 लाख युवाओं को नौकरी दी जाएगी।

जनता की भागीदारी

अखिलेश यादव ने कहा कि यह पहला ऐसा चुनाव है जिसमें जनता खुद लड़ रही है। उन्होंने कहा कि चार जून को जब नतीजे आएंगे तो उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब मन की बात नहीं, बल्कि संविधान की बात होगी। यह चुनाव मन की बात करने वालों को सबक सिखाने वाला है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular