देवरिया, 20 नवंबर। जनपद में मतदाताओं को ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित डेमोंस्ट्रेशन सेंटर का शुभारंभ जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देते हुए मशीनों के माध्यम से मतदान का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से आमजन को बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए मतदान कैसे किया जाता है और वीवीपैट मशीन के माध्यम से अपने दिए गए वोट की पुष्टि किस प्रकार की जा सकती है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है। मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली की सही जानकारी होना जरूरी है, ताकि वे किसी भी तरह के भ्रम या संशय के बिना अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसी उद्देश्य से जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अधिक से अधिक मतदाताओं को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर लोग स्वयं मशीनों के माध्यम से मतदान का अभ्यास कर सकते हैं। इससे उन्हें वास्तविक मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रिया को समझने में मदद मिलेगी।
प्रदर्शन के दौरान मतदाताओं को वीवीपैट की उपयोगिता भी समझाई गई। बताया गया कि मतदान करने के बाद वीवीपैट की स्क्रीन पर कुछ सेकंड के लिए एक पर्ची दिखाई देती है, जिसमें मतदाता द्वारा चुने गए प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न प्रदर्शित होता है। इससे मतदाता अपने मत की पुष्टि कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, एएसडीएम अखिलेश यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के संबंधित कर्मचारी, प्रबुद्धजन एवं आमजन मौजूद रहे।

