देवरिया। जनपद में आग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। इसी क्रम में रविवार को दुबौली गांव में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कई किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया।

ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में एक बीघा से अधिक गेहूं की फसल उसकी चपेट में आ गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से खेतों में फैलती चली गई, जिससे आसपास के किसानों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दीपांजलि पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर काफी देर तक कड़ी मशक्कत की। पानी, मिट्टी और अन्य संसाधनों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के कई और खेत भी इसकी चपेट में आ सकते थे।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी और हवा के चलते किसी छोटी चिंगारी ने आग का रूप ले लिया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद किसानों में भारी नाराजगी है। जिन किसानों की फसल जली है, उनका कहना है कि फसल कटाई के ठीक पहले यह हादसा हुआ है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर नहीं पहुंचते, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। बरियारपुर थाना पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

