देवरिया के भटनी थाना क्षेत्र में इंटरलॉकिंग सड़क की मरम्मत को लेकर हुए विवाद में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को शनिवार को लल्लन तिराहा के पास से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन यादव, अजीत यादव और रोहित कुशवाहा के रूप में हुई है। तीनों धर्मखोर बाबू गांव, थाना भटनी के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक ये तीनों काफी दिनों से इस मामले में वांछित चल रहे थे।

मामला 22 जनवरी 2026 का है। धर्मखोर बाबू निवासी राजा ठाकुर ने भटनी थाने में शिकायत दी थी कि उनके घर के सामने बनी इंटरलॉकिंग सड़क की उखड़ी हुई ईंटों को ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि अर्जुन यादव, अजीत यादव और रोहित कुशवाहा ने लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया।
हमले में राजा ठाकुर के भाई राजेश और हरिकेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों का आरोप था कि हमला जान से मारने की नीयत से किया गया था। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी।
शिकायत के आधार पर भटनी थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। शनिवार को भटनी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को लल्लन तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना अभी जारी है।

