देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद की पावन धरती ने एक बार फिर देश को एक जांबाज योद्धा दिया है। जनपद के भटजमुआंव गांव निवासी श्री करुणाकर पाण्डेय के पुत्र अविनाश कुमार पाण्डेय ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर सीडीएस (Combined Defence Services) परीक्षा को पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित होकर अपने परिवार, गांव और पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है।

अविनाश की इस शानदार उपलब्धि की खबर मिलते ही उनके घर में खुशी का माहौल छा गया। परिवार के लोगों ने मिठाई बांटकर इस सफलता का जश्न मनाया। वहीं गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी गर्व की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि अविनाश ने यह साबित कर दिया कि अगर लक्ष्य बड़ा हो और मेहनत सच्ची हो तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
अविनाश कुमार पाण्डेय की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा के रूप में देखा जा रहा है। गांव के लोग बताते हैं कि अविनाश शुरू से ही पढ़ाई के साथ-साथ देश सेवा का सपना देखते थे और उसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। आज उनकी मेहनत रंग लाई और वह भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करेंगे।
10 मार्च को होगा भव्य स्वागत समारोह
लेफ्टिनेंट बनने के बाद अविनाश कुमार पाण्डेय जब पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचेंगे, तो उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 10 मार्च 2026 को दोपहर 1 बजे ग्राम सभा भटजमुआंव (देवरिया) में आयोजित होगा।
ग्राम सभा और समस्त ग्रामवासियों की ओर से आयोजित इस अभिनंदन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और युवा शामिल होकर अपने गांव के इस वीर सपूत का सम्मान करेंगे।
अविनाश के दादाजी श्रीराम पाण्डेय ने सभी क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव के गौरव को आशीर्वाद देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
अविनाश कुमार पाण्डेय की इस सफलता से यह संदेश जाता है कि ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े युवा भी अपनी मेहनत और लगन से बड़े से बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं और देश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

