बरियारपुर महोत्सव 2026 : नेपाल ने देवरिया को हराकर कप पर जमाया कब्जा, हजारों दर्शकों के बीच भव्य फुटबॉल महासंग्राम

जनपद देवरिया के बरियारपुर नगर पंचायत में आयोजित बरियारपुर महोत्सव 2026 के तहत “आदर्श सद्भावना क्लब फुटबॉल प्रतियोगिता के महासंग्राम” का फाइनल मुकाबला उत्साह और जोश के माहौल में संपन्न हुआ। खेल मैदान में सुबह से ही दर्शकों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। हजारों की संख्या में पहुंचे खेल प्रेमियों ने पूरे आयोजन को किसी बड़े स्टेडियम जैसा माहौल दे दिया।

फाइनल मुकाबले का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि रमापति राम त्रिपाठी ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ मुकाबला खेलने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक सुरेंद्र चौरसिया, संजीव शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, अजय मणि त्रिपाठी, ओम प्रकाश गौतम, पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, उमेश नारायण शाही एवं अर्चना पांडेय की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मैच की बात करें तो देवरिया और नेपाल की टीमों के बीच शुरू से ही कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं, लेकिन दूसरे हाफ में नेपाल की टीम ने तेज आक्रमण करते हुए लगातार दो गोल दाग दिए। देवरिया की टीम ने वापसी की पूरी कोशिश की, परंतु मजबूत डिफेंस के चलते बराबरी नहीं कर सकी। अंततः नेपाल ने 2-0 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। जीत के साथ ही मैदान में नेपाली खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

आयोजन को यादगार बनाने के लिए आईपीएल की तर्ज पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखे गए। लोकनृत्य, डांस परफॉर्मेंस और म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट्स के साथ भोजपुरी गीतों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने खेल और मनोरंजन का भरपूर आनंद उठाया।

स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच मिलता है और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। बरियारपुर महोत्सव का यह फुटबॉल महासंग्राम खेल प्रेमियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

B News App Install करें