Deoria News: देवरही माता मंदिर में अष्टमी पर भव्य महाआरती और आतिशबाज़ी, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब

देवरिया: चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर सिद्धपीठ देवरही माता मंदिर में अष्टमी तिथि को श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। शनिवार की रात मंदिर परिसर भव्य सजावट, दिव्य आरती और रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी की चमक से आलोकित हो गया। इस विशेष अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

मंदिर परिसर को फूलों, रंग-बिरंगी लाइट्स और सजावटी वस्तुओं से अत्यंत सुंदर रूप में सजाया गया था। जैसे ही रात को महाआरती आरंभ हुई, वातावरण देवीमय हो गया और श्रद्धालु माता रानी की आराधना में लीन हो गए। आरती के पश्चात आकाश रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी से जगमगा उठा, जिसे देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध रह गए। यह दृश्य सभी के लिए अविस्मरणीय बन गया।

इस अवसर पर जनपद के प्रमुख प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला जज श्री देवेंद्र सिंह, प्रधान न्यायाधीश (फैमिली कोर्ट) श्री बद्री विशाल पांडेय एवं जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने मंदिर पहुंचकर महाआरती में भाग लिया। जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सभी संबंधित विभागों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सहभागिता पर आभार व्यक्त करते हुए नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।

चैत्र नवरात्रि के इस विशेष आयोजन का समापन 6 अप्रैल को प्रातःकालीन पूर्णाहुति हवन एवं पूजन के साथ होगा। इस दौरान मंदिर में देवी के नौ स्वरूपों की भव्य झांकियां सजाई गई हैं, जिन्हें देखने के लिए प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। प्रत्येक दिन शाम 5 बजे से 7 बजे तक श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ तथा तत्पश्चात आरती का आयोजन किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर एवं आस-पास स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा, यातायात नियंत्रण एवं पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा समुचित सहयोग दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

इस आयोजन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, एसडीएम एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा, नगर पालिका ईओ संजय तिवारी, तहसीलदार केके मिश्रा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

B News App Install करें