देवरिया में धूमधाम से मनाया गया राजमाता अहिल्याबाई होल्कर का 301वां जन्मोत्सव, धनगर समाज ने निकाली भव्य रैली। Deoria News

देवरिया। राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के 301वें जन्मोत्सव के अवसर पर धनगर समाज के लोगों ने मंगलवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान समाज के लोगों ने रुद्रपुर मोड़ से विशाल रैली निकालकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष चौक तक पैदल मार्च किया। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया तथा राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को याद करते हुए उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

रैली के बाद धनगर समाज के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से समाज के उत्थान, सामाजिक अधिकारों तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई। समाज के लोगों ने बताया कि आज भी धनगर समाज के अनेक लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं एवं अन्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाज के वक्ताओं ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महान शासकों में से एक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में जनकल्याण, न्याय और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी थी। उनके द्वारा कराए गए मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों के निर्माण कार्य आज भी उनकी दूरदर्शिता और लोकहितकारी सोच की मिसाल हैं।

समाज के लोगों ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन संघर्ष, सेवा और सुशासन की प्रेरणा देता है। उनके जन्मोत्सव के अवसर पर धनगर समाज के लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से समाज की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments