देवरिया। जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के रामलक्षन गांव में मोबाइल छीनने का विरोध करना एक युवक और उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि दबंगों ने युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजन और पड़ोसी भी हमले का शिकार हो गए। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अभिषेक कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 9 जुलाई की रात कुछ लोगों ने उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और मिलकर उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे अभिषेक के चाचा उत्तीर्ण सागर और पड़ोसी रामअधार पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। मारपीट में दोनों को गंभीर चोटें आईं। घायलों का उपचार कराया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
रुद्रपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

