उत्तर प्रदेश में मंगलवार देर रात एक बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। सरकार ने 14 आईएएस और 6 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें चार जिलों के जिलाधिकारी और दो जिलों के मुख्य विकास अधिकारी भी शामिल हैं। जिन जिलों में डीएम बदले गए हैं, उनमें पीलीभीत, बलिया, हरदोई और महाराजगंज जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं। इसके अलावा सिद्धार्थनगर और बुलंदशहर के मुख्य विकास अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ आईएएस और अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार की जिम्मेदारियों में विस्तार किया गया है। उन्हें अब कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जो पहले मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह के पास था।
हरदोई के जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को बलिया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इससे पहले वे गाजीपुर में भी डीएम रह चुके हैं और वाराणसी में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। वहीं, बलिया के डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार को संयुक्त प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) बनाया गया है।
महाराजगंज के जिलाधिकारी अनुनय झा को हरदोई भेजा गया है, जबकि अयोध्या तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी संतोष कुमार शर्मा अब महाराजगंज के जिलाधिकारी होंगे। सिद्धार्थनगर के मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार को अयोध्या का नया सीईओ और नगर आयुक्त बनाया गया है।
गोरखपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाश जोशी को सिद्धार्थनगर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, रविन्द्र कुमार-1 को विशेष सचिव, कृषि, विपणन, विदेश व्यापार और कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग में भेजा गया है।
पिलभीत के डीएम संजय कुमार सिंह को विशेष सचिव, संस्कृति विभाग एवं निदेशक धर्मार्थ कार्य नियुक्त किया गया है। उनकी जगह जल निगम में संयुक्त प्रबंध निदेशक रहे ज्ञानेन्द्र सिंह को पिलभीत का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसके अतिरिक्त, अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष अपूर्वा दुबे को सूडा का निदेशक बनाया गया है। उनकी जगह कुलदीप मीणा को अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जो अब तक बुलंदशहर के सीडीओ थे। अब मथुरा की संयुक्त मजिस्ट्रेट श्रीमती निशा बुलंदशहर की नई सीडीओ होंगी। प्रेरणा शर्मा को सूडा से विशेष सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग में भेजा गया है।
पीसीएस अधिकारियों में भी कई बदलाव हुए हैं। प्रकाश चंद्र को एडीएम न्यायिक हाथरस, शिव नारायण को एडीएम न्यायिक बागपत, विनीत कुमार सिंह को एडीएम नगर गाजियाबाद, हिमांशु वर्मा को एडीएम वित्त एवं राजस्व गोरखपुर, उत्कर्ष श्रीवास्तव को नगर मजिस्ट्रेट गोरखपुर और अलंकार अग्निहोत्री को नगर मजिस्ट्रेट बरेली की जिम्मेदारी दी गई है।
इस व्यापक फेरबदल से प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में नए संतुलन की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार ने अनुभव और दक्षता के आधार पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता आने की संभावना है।