Deoria News: कुदाल से हमला कर युवक को किया गंभीर घायल, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

देवरिया जनपद के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र से एक गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। पीड़ित पक्ष ने युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज भी सामने आया है।


इस संबंध में पीड़िता आशा देवी पत्नी भूलेंद्र पासवान, निवासी महादेव सिरसिया, थाना रामपुर कारखाना ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता के अनुसार, 28 दिसंबर 2025 की शाम उनका पुत्र प्रिंस पासवान सिरसिया बाजार के पास ठंड से बचने के लिए अलाव के पास बैठा हुआ था। उसी दौरान गांव का ही एक युवक पीछे से आया और कथित रूप से कुदाल से प्रिंस पासवान के सिर पर वार कर दिया।


पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमले में प्रिंस पासवान गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आरोप है कि घटना के बाद हमलावर ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और मौके से फरार हो गया। बताया गया कि पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है, जिससे हमले की परिस्थितियां स्पष्ट रूप से सामने आती हैं।


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी से पूर्व में विवाद चल रहा था और इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके बेटे पर जान से मारने की नीयत से यह हमला किया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे लगातार थाना रामपुर कारखाना में प्रार्थना पत्र दे रहे हैं, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इसी क्रम में पीड़ित महिला और उनके परिजन पुलिस अधीक्षक देवरिया से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराते हुए न्याय की गुहार लगा चुके हैं। उन्होंने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।


पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। प्राप्त तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

B News App Install करें