श्री पौहारी शरण साहित्य सेवा संस्थान रामनाथ देवरिया के तत्वाधान में आराध्या कुंज में आयोजित काव्य पाठ एवं साहित्य सम्मान समारोह में संत कबीर दास की जयंती के पूर्व संध्या पर दिनांक 21 जून, 2024 को विभिन्न साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवरिया के सांसद श्री शशांक मणि त्रिपाठी थे, जिन्होंने साहित्य और संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डाला।

श्री शशांक मणि त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि जहां साहित्य और संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित होती है, वह समाज सर्वदा जीवंत रहता है। देवरिया जनपद का स्थान साहित्य और सांस्कृतिक विरासत की दृष्टि से पूरे भारत में अनूठा है। उन्होंने इस मिट्टी का सपूत होने पर गर्व व्यक्त किया और कहा कि सांसद के रूप में उन्हें इस मिट्टी का कर्ज चुकाने का अवसर मिला है। उन्होंने जनपद के हर क्षेत्र में विकास करने का संकल्प व्यक्त किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. दिवाकर प्रसाद तिवारी ने संत कबीर दास के दोहों का अद्भुत वर्णन करते हुए कहा कि कबीरदास जी पढ़े-लिखे नहीं थे, परंतु उनकी कविताओं में भारतीय शास्त्रीय परंपरा का समावेश है। उनके द्वारा सामाजिक पाखंडों का निषेध अद्वितीय था।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती जी के चित्र पर दीप प्रज्वलन और पुष्पार्चन से हुआ। संस्थान के सचिव विंध्याचल उर्फ राजा मणि ने सांसद शशांक मणि, विशिष्ट अतिथि और उपस्थित सभी कवि- कवित्रियों का स्वागत किया। पूनम मणि ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
संस्थान के अध्यक्ष शत्रुघ्न मणि, संयोजक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, करन त्रिपाठी, स्वर कोकिला पूनम मणि सहित सभी अतिथियों का अंग वस्त्र से सम्मान किया गया। सांसद शशांक मणि को उनकी पुस्तक ‘अमृत काल का भारत’ और स्वर्गीय श्री पौहारी शरण की प्रशस्ति पत्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।
सम्मान सत्र का संचालन रविकांत मणि त्रिपाठी ने किया। भाजपा नगर प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नित्यानंद पांडे सहित अन्य प्रबुद्ध जनों का भी सम्मान किया गया।
दूसरे सत्र में आमंत्रित कवियों का काव्य पाठ हुआ। कवि रामेश्वर तिवारी रंजन, भूषण त्यागी, गीतकार वीरेंद्र तिवारी मधुर, दिल्ली से आईं अंजलि अरोड़ा, प्रधानाचार्य एमपी गॉड, कवि इंद्र कुमार दीक्षित, विकास तिवारी विक्की, प्रतिभा गुप्ता, भीम प्रसाद प्रजापति, छेदी प्रसाद, सौदागर सिंह, पार्वती देवी गौरा, गोपाल जी त्रिपाठी, वरिष्ठ गीतकार सरोज पांडे, श्वेता राय और अन्य कवियों ने अपनी कविताओं से श्रोताओं का मन मोहा।
इस अवसर पर राजमणि के जन्मदिन पर सभी ने उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अरुण कुमार बरनवाल, रामनिवास पांडे, श्रीनिवास त्रिपाठी, राणा प्रताप सिंह, दुर्गानंद दीक्षित, ज्ञान प्रकाश मिश्रा, ओंकार द्विवेदी, सर्वेश नाथ त्रिपाठी, अवनीश श्रीवास्तव, शशांक बड़ी, डॉ. रमाकांत कुशाग्र, प्रतीक सिंह, मोनू रजनीश गोरे, श्वेतांक करन त्रिपाठी, गोपाल तिवारी और भैया जी उपस्थित रहे।
आयोजन मंडल की ओर से पूर्व प्रधानाचार्य और पत्रकार श्री चंद्र गौर का विशेष सम्मान किया गया। अंत में, संस्था के अध्यक्ष शत्रुघ्न त्रिपाठी ने सभी का आभार व्यक्त किया।