deoria news देवरिया जिलाधिकारी ने किया स्वावलंबन स्वाभिमान कार्यक्रम का उद्घाटन

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने आज राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम, सोन्दा मौजा देवरिया में सिडबी प्रायोजित स्वावलंबन स्वाभिमान कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से जनपद की 50 महिलाओं को ओडीओपी उत्पाद सजावटी वस्तुओं के उत्पादन से जुड़ा छह दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने हुनर का विकास करें। जनपद के ओडीओपी उत्पाद के तहत बनने वाले सजावटी वस्तुओं की वैश्विक मांग है। इस प्रकार के प्रशिक्षण सत्र से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

केंद्र के उप प्रबंधक कुमार रोहित ने बताया कि प्रशिक्षण 5 सिंतबर से 10 सितंबर तक दिया जाएगा। प्रशिक्षण के उपरांत महिलाओं को टूल किट भी प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण सत्र के पहले दिन महिलाओं को झूमर और तोरण बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।

माइक्रो फाइनेंस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधि सुधीर ने बताया कि एनएसआइसी तकनीकी सेवा केंद्र देवरिया में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को लघु उद्यमी के तौर पर विकसित किया जाएगा और इसके लिए महिलाओं को तीस से 50 हजार रुपये तक का माइक्रोफाइनेंस भी उपलब्ध कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने लघु उद्योग विभाग के कार्यालय परिसर में स्थित विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण स्थलों का निरीक्षण किया। केंद्र में पेपर नैपकिन, बिस्किट बनाने, ब्रेड बनाने, सोया मिल्क, तेल निष्कर्षण, ब्यूटी पार्लर आदि से जुड़े प्रशिक्षण दिए जाते हैं। डीएम ने जनपद के अधिक से अधिक लोगों को प्रशिक्षण देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।

Latest articles

Related articles

×

Hello!

Click one of our contacts below to chat on WhatsApp

×